रायपुर संवाददाता – रघुराज
रायपुर। खमतराई, गुढ़ियारी, श्रीनगर, शिवानंद नगर और गोंडवारा क्षेत्र के 40 हजार से अधिक लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर सामने आई है। लंबे ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोगों को अब निजात मिलने जा रही है। आठ साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार खमतराई रेलवे क्रॉसिंग (होटल पैराडाइज के पास) पर अंडरब्रिज निर्माण की राह साफ हो गई है। रेलवे ने इसकी ड्राइंग-डिज़ाइन को हरी झंडी दे दी है।

इस कार्य को सफल बनाने में Telugu Welfare Society के अध्यक्ष टी. गोपी, महासचिव के. सत्यबाबू और संस्था के पदाधिकारी व सदस्य लगातार सक्रिय रहे। उन्होंने डीआरएम कार्यालय जाकर कई बार आंदोलन और ज्ञापन दिए, जिसके बाद यह पहल रंग लाई है।

अंडरब्रिज का निर्माण डब्ल्यूआरएस से डीआरएम कार्यालय जाने वाली सड़क से शुरू होकर रेलवे लाइन के नीचे एलआईसी बिल्डिंग के पास निकलेगा। इसे टू-लेन बनाया जाएगा, जिसमें दोनों ओर 5-5 मीटर चौड़ी सड़क होगी। रेलवे का कहना है कि एक से डेढ़ महीने में टेंडर जारी कर दिया जाएगा और 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्थानीय लोग बताते हैं कि आए दिन इस क्रॉसिंग पर लंबे जाम से स्कूली बच्चों की गाड़ियां फंस जाती थीं, वहीं कई बार एम्बुलेंस को भी देरी होती थी। अंडरब्रिज बनने से इन समस्याओं से राहत मिलेगी।

फैक्ट फाइल
खमतराई रेलवे क्रॉसिंग पर साल 2016-17 में अंडरब्रिज की मंजूरी मिली थी।
तब इसकी लागत 6 करोड़ तय की गई थी, लेकिन पीडब्ल्यूडी द्वारा फंड न मिलने से काम अटक गया।
अब लागत बढ़कर 17 करोड़ रुपए पहुंच चुकी है।
यह क्रॉसिंग मुंबई–हावड़ा रूट पर है, यहां रोजाना 100 से ज्यादा ट्रेनें गुजरती हैं।
रोजाना सुबह 9 से 12 और शाम 5 से 9 बजे तक घंटों लंबा जाम लगता है।
40 हजार से अधिक की आबादी प्रभावित होती रही है।
रेलवे के वरिष्ठ डीसीएम अवधेश कुमार त्रिवेदी ने बताया कि रेलवे ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है और जल्द टेंडर जारी कर दिया जाएगा। अंडरब्रिज बनने के बाद खमतराई और आसपास के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।









