रायपुर संवाददाता – रघुराज
गुढ़ियारी, रायपुर। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितम्बर से लेकर महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक पूरे देश में “सेवा पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में भाजपा गुढ़ियारी मंडल के अंतर्गत वीर शिवाजी वार्ड 16 द्वारा 18 सितम्बर 2025, गुरुवार सुबह शीतला माता मंदिर प्रांगण एवं तालाब परिसर में भव्य स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित थे। कार्यक्रम में लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के माननीय अध्यक्ष श्री प्रफुल विश्वकर्मा जी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी श्री गोपी साहू जी, भाजपा ओबीसी मोर्चा के महामंत्री श्री अखिलेश कश्यप जी, पूर्व पार्षद श्री उपारकर जी, जोन क्रमांक 1 अध्यक्ष श्री गज्जू साहू, पूर्व पार्षद श्रीमती अन्नू गज्जू साहू, पार्षद प्रतिनिधि भाऊ सिंह ठाकुर जी सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और मोहल्ले के नागरिक उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान की शुरुआत मंदिर परिसर और तालाब क्षेत्र की सफाई से की गई। कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने मिलकर झाड़ू लगाई, कचरे का उठाव किया और तालाब क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने में योगदान दिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत मिशन और सेवा पखवाड़ा के संकल्प को जमीन पर उतारने का सार्थक प्रयास किया गया।
अभियान के दौरान श्री प्रफुल विश्वकर्मा जी ने उपस्थित लोगों को सपथ भी दिलाई कि वे नियमित रूप से स्वच्छता अभियान में सहयोग करेंगे और अपने आस-पास साफ-सफाई रखेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम न होकर हमारे जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। मोहल्ले को साफ रखना ही नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना भी हमारा कर्तव्य है।
इस आयोजन में श्री गोपी साहू जी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री मोदी जी का समाज को बेहतर दिशा देने का अभियान है। इस अवसर पर मंडल और वार्ड स्तर पर समाज सेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं। स्वच्छता अभियान उनमें से एक महत्वपूर्ण कदम है।
श्री अखिलेश कश्यप जी ने उपस्थित महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं व अन्य नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता का संबंध स्वास्थ्य एवं पर्यावरण दोनों से है। जब मोहल्ला स्वच्छ होगा तभी समाज स्वस्थ और सशक्त बनेगा। इसी प्रकार पूर्व पार्षद श्री उपारकर जी एवं श्रीमती अन्नू गज्जू साहू ने भी लोगों से अपील की कि वे इस प्रयास को निरंतर जारी रखें और न केवल सार्वजनिक स्थलों पर बल्कि घर-आंगन में भी स्वच्छता बनाए रखें।

इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं की भागीदारी विशेष उल्लेखनीय रही। उन्होंने पूरे जोश और जिम्मेदारी के साथ सफाई अभियान में भाग लिया और स्थानीय निवासियों को भी इसके लिए प्रेरित किया। पार्षद प्रतिनिधि भाऊ सिंह ठाकुर जी ने कहा कि यह अभियान हर नागरिक का अभियान है और गली-गली मोहल्ले-मोहल्ले तक इसे लगातार आगे बढ़ाना ही प्रधानमंत्री जी के प्रति सच्ची सेवा होगी।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और शीतला माता मंदिर प्रांगण व तालाब क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत मिशन के मूलमंत्र को याद करते हुए इसे जनांदोलन बनाने का इरादा जताया।
इस प्रकार भाजपा गुढ़ियारी मंडल का यह स्वच्छता अभियान सेवा पखवाड़ा की भावना को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुआ।









