कोरबा संवाददाता – योगेंद्र राठौर
कोरबा। जिले के पहाड़ी क्षेत्र में विराजमान माँ मड़वारानी दाई का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र है। आगामी 27 सितम्बर से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो रही है, जिसके साथ ही माँ के दरबार में भक्तों का सैलाब उमड़ने की तैयारी है।
हर साल नवरात्र पर्व पर यहाँ दूर-दराज़ से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुँचते हैं। भोर से ही मंदिर परिसर में माता के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगती है। भक्तजन माँ के दरबार में पहुँचकर नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित करते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

माँ मड़वारानी दाई का यह मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का भी जीवंत प्रतीक है। कहा जाता है कि माता के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती।
इस बार नवरात्र महोत्सव को लेकर प्रशासन और समिति द्वारा विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पर्व के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और आरती का आयोजन होगा, जिससे वातावरण भक्तिमय बन जाएगा।
जय माता दी – जय माँ मड़वारानी दाई









