Home चर्चा में न्यूज़36गढ़ की खबर का हुआ असर, डाईट जांजगीर के प्रभारी प्राचार्य...

न्यूज़36गढ़ की खबर का हुआ असर, डाईट जांजगीर के प्रभारी प्राचार्य पर गिरी गाज

129
0
जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेंद्र जायसवाल
कलेक्टर महोबे ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की, रोका गया व्याख्याता का वेतन 7 दिन में जारी करने के निर्देश
जिला जांजगीर-चांपा , 21 सितम्बर 2025।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) जांजगीर में लंबे समय से चल रही शिकायतों पर आखिरकार कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कठोर रुख अपनाते हुए प्रभारी प्राचार्य श्री बी.पी. साहू के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।
व्याख्याता श्री सुरेश कुमार साहू द्वारा कलेक्टर को की गई शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (रा.) जांजगीर को जांच का जिम्मा सौंपा गया था। जांच रिपोर्ट में कई अनियमितताओं और शिकायतों की पुष्टि होने पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 न्यूज़36गढ़ की खबर का असर
इस पूरे मामले को न्यूज़36गढ़ ने लगातार जोरदार ढंग से उठाया था। चैनल पर लगातार प्रसारित खबरों के बाद ही प्रशासन हरकत में आया और शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने यह सख्त कदम उठाया। यह कार्रवाई न्यूज़36गढ़ की प्रभावी पत्रकारिता का सीधा परिणाम मानी जा रही है।
व्याख्याता का रोका गया वेतन होगा जारी
शिकायतकर्ता व्याख्याता श्री सुरेश कुमार साहू का जुलाई और अगस्त 2025 माह का वेतन यात्रा आवेदन को मान्यता न दिए जाने के कारण रोका गया था। कलेक्टर ने इसे वित्तीय नियमों के विपरीत बताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को सात दिन के भीतर लंबित वेतन का भुगतान करने तथा प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
स्थानांतरण और कड़ी कार्रवाई की सिफारिश
कलेक्टर महोबे ने डाईट जांजगीर के प्रभारी प्राचार्य बी.पी. साहू को तत्काल प्रभार से मुक्त करने के साथ ही उनके अन्यत्र स्थानांतरण तथा उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग को अनुशंसा प्रेषित की है।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार की पहल
इस कार्रवाई को जिले की शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि इस प्रकार की कड़ी कार्यवाही से न केवल शिक्षा विभाग में जवाबदेही बढ़ेगी, बल्कि संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों को भी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here