नारायणपुर संवाददाता – रिकेश्वर राणा
नारायणपुर – छत्तीसगढ़ के अबुझमाड़ इलाके में सोमवार को सुरक्षा बलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की। सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई मुठभेड़ में सीपीआई (माओवादी) केंद्रीय समिति के दो वरिष्ठ सदस्य मार गिराए गए।
मारे गए नेताओं की पहचान दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के प्रवक्ता राजू दादा उर्फ कट्टा रामचंद्र रेड्डी उर्फ विकल्प (63) और कोसा दादा उर्फ कादरी सत्यनारायण रेड्डी (67) के रूप में हुई है। दोनों तेलंगाना के करीमनगर निवासी थे। छत्तीसगढ़ सरकार ने इन पर 40-40 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से सुरक्षा बलों ने दोनों माओवादियों के शव, एके-47 राइफल, इंसास राइफल, बीजीएल लॉन्चर, बड़ी मात्रा में विस्फोटक और माओवादी साहित्य बरामद किया।
करीब तीन दशक से सक्रिय विकल्प संगठन का प्रमुख प्रवक्ता था। दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी की ओर से जारी हर प्रेस नोट उसी के हस्ताक्षर से प्रसारित होता था। हाल ही में 20 सितम्बर को विकल्प ने केंद्रीय समिति प्रवक्ता अभय के साथ संयुक्त प्रेस नोट जारी कर पोलित ब्यूरो सदस्य सोनू दादा के आत्मसमर्पण के फैसले का विरोध किया था। लेकिन ठीक दो दिन बाद अबुझमाड़ के जंगलों में विकल्प सुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारा गया।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार दोनों माओवादी नेता कई बड़ी नक्सली घटनाओं के मास्टरमाइंड रहे हैं और उनके खिलाफ अन्य राज्यों में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।









