Home मुख्य ख़बरें नवरात्रि की शुरुआत में कोलकाता बेहाल: रातभर की बारिश से शहर जलमग्न,...

नवरात्रि की शुरुआत में कोलकाता बेहाल: रातभर की बारिश से शहर जलमग्न, ट्रैफिक और मेट्रो सेवा प्रभावित

8
0

नवरात्रि के पहले ही दिन कोलकाता पानी-पानी हो गया है। कोलकाता में पूरी रात हुई मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार थम गई है। कोलकाता में भारी बारिश के कारण सड़कों पर 3 फीट तक पानी भर गया है। वहीं हावड़ा स्टेशन यार्ड में भी पानी भर गया है। इसका असर ट्रेनों पर भी पड़ा है। शहीद खुदीराम और मैदान मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा रोक दी गई है। पिछले 6 घंटों में शहर में 250 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में घुटनों तक पानी भर गया है।

इधर बिजली का करंट लगने की वजह से अब तक कुल 5 लोगों की मौत हो चुकी है। ये मौतें नियापुकुर, कालिकापुर, नेताजी नगर, गरियाहाट और इकबालपुर में हुई है। कोलकाता मेट्रो रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिणेश्वर और मैदान स्टेशनों के बीच ट्रेनों की संख्या घटाई गई है। हावड़ा में भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक और दुकानें जलमग्न हो गई हैं।

रात में हुई मूसलाधार बारिश के बाद, हावड़ा स्टेशन यार्ड, सियालदह दक्षिण स्टेशन यार्ड, चितपुर उत्तर केबिन, विभिन्न कार-शेड और सियालदह यार्ड के विभिन्न स्थानों पर जलभराव देखा गया है। हावड़ा और सियालदह मंडलों की रेलवे लाइनों पर पानी भर गया है। जमा हुए पानी को निकालने के लिए कई जगहों पर पानी के पंप लगाए गए हैं, लेकिन आस-पास के सिविल क्षेत्र से भी पानी भर जाने के कारण, पानी वापस रेलवे यार्ड में बह रहा है, जिससे और भी मुश्किलें पैदा हो रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here