कोरबा संवाददाता – योगेन्द्र राठौर
कोरबा जिले का फरसवानी गांव इन दिनों गंभीर बिजली संकट से गुजर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जैसे ही हल्की बारिश होती है, गांव की बिजली काट दी जाती है और घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार बिजली 8-9 घंटे बाद आती है, तो कभी अगले दिन ही सप्लाई बहाल होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह समस्या केवल बरसात के दिनों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामान्य दिनों में भी अचानक बिजली बंद हो जाती है। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि जब लोग अधिकारियों से शिकायत करते हैं तो कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं होता।
कोई अधिकारी कहता है – “यह इलाका मेरे अंतर्गत नहीं आता।”
तो कोई दूसरा साफ कह देता है – “मैं अब उस क्षेत्र का काम नहीं देख रहा हूं।”
लोगों का कहना है कि “हर महीने समय पर बिल तो वसूला जाता है, लेकिन बिजली देने की जिम्मेदारी कोई लेने को तैयार नहीं है। बरसात का पूरा मौसम अगर इसी तरह बीतेगा तो बच्चों की पढ़ाई, कारोबार और रोज़मर्रा की जिंदगी सब प्रभावित होगी।”









