Home चर्चा में पं.दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर सेवा पखवाड़ा के तहत मांदर गांव के बाढ़...

पं.दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर सेवा पखवाड़ा के तहत मांदर गांव के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित

9
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा

भाजपा ने निभाया सेवा ही संगठन का संकल्प: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव 
 भाजपा सरकार विपत्ति में जनता के साथ: देव 
जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत आज गुरूवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर लोहंडीगुड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मांदर में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरण किया गया। इस सेवा आयोजन में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव विशेष रूप से शामिल हुए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने बाढ़ पीड़ितों से बातचीत की, उनका हौसला बढ़ाया और प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को हर संभव सहयोग व मदद करने की बात कही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि
पंडित दीनदयाल उपाध्याय का संपूर्ण जीवन अंत्योदय और सेवा को समर्पित रहा। आज उनकी जयंती पर भाजपा ने सेवा ही संगठन की भावना के साथ मांदर गांव में बाढ़ पीड़ित परिवारों की मदद कर इस विचारधारा को धरातल पर उतारा है। भाजपा सरकार हर विपत्ति में आपके साथ है। जो भी सरकारी सहायता या राहत सामग्री है, वह आपके द्वार तक पहुंचाई जाएगी, इसमें कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। श्री देव ने कहा कि हमारे लिए राजनीति का अर्थ केवल सत्ता नहीं, सेवा है। भाजपा गरीब, वंचित और संकट में पड़े हर नागरिक के साथ खड़ी है। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक अभियान नहीं, यह भाजपा के संस्कारों का परिचायक है। बाढ़ से प्रभावित गांवों की स्थिति को देखकर हमने तय किया कि इस बार सेवा की शुरुआत उन्हीं परिवारों के बीच जाकर की जाएगी जिन्हें अभी सबसे अधिक आवश्यकता है। हम केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से हरसंभव सहायता पहुंचाते रहेंगे। विधायक विनायक गोयल ने कहा कि जनता के दुख-सुख में सहभागी बनना हमारा कर्तव्य है। मांदर गांव में राहत सामग्री वितरण एक शुरुआत है, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पुनर्वास से लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा तक की सहायता भी प्रभावित परिवारों को मिले।

262 परिवारों की मदद
इस दौरान गांव के 262 से अधिक बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राशन सामग्री, कपड़े, साफ-सफाई किट, और बच्चों के लिए आवश्यक सामग्रियां वितरित की गईं। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर भी सामग्री पहुंचाई। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक लच्छू राम कश्यप, बैदूराम कश्यप, जिपं उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, योगेंद्र पाण्डेय, रजनीश पाणिग्रही, नरसिंह राव, मंगतूराम कश्यप, पद्मा कश्यप, नरसिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here