Home चर्चा में रायपुर में बड़ा हादसा: ट्रक ने 25 मीटर तक घसीटी स्कूटी, पिता-पुत्र...

रायपुर में बड़ा हादसा: ट्रक ने 25 मीटर तक घसीटी स्कूटी, पिता-पुत्र की बाल-बाल बची जान

8
0
रायपुर संवाददाता – रघुराज
रायपुर। राजधानी रायपुर में शनिवार शाम लगभग 7 बजे एक बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। यह हादसा धनेली नाला पुल के ऊपर हुआ। घटना इतनी गंभीर थी कि टक्कर के बाद स्कूटी ट्रक के पहिए और बॉडी के बीच जाकर फंस गई और करीब 25 मीटर तक घिसटती चली गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार हादसे में स्कूटी चला रहे पिता और उनके पीछे बैठे छोटे बेटे की जान बाल-बाल बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर लगने के बाद स्कूटी पलटकर सड़क किनारे जा गिरी, लेकिन वाहन ट्रक के नीचे फंसा रहा और पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे की तीव्रता के बावजूद सबसे बड़ी राहत यह रही कि पिता-पुत्र दोनों को गंभीर चोट नहीं आई और लोग तुरंत उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले गए।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। लोग ट्रक को रोकने के लिए भागे, लेकिन आरोप है कि दुर्घटना के जिम्मेदार ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब्त किए गए ट्रक की जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि वाहन पर तीन अलग-अलग नंबर प्रदर्शित किए गए थे। इस तथ्य ने पुलिस की चिंता और बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धनेली नाला पुल क्षेत्र में आए दिन भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। लोग लगातार मांग कर रहे हैं कि यहां स्पीड ब्रेकर और पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों घायल सुरक्षित बताए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here