Home चर्चा में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यशाला एवं मन की बात कार्यक्रम का सफल...

आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यशाला एवं मन की बात कार्यक्रम का सफल आयोजन

10
0
रायपुर संवाददाता – रघुराज
रायपुर। गुढ़ियारी मंडल स्तर पर रविवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान कार्यशाला तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो संवाद मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण आयोजित किया गया। यह आयोजन साहू भवन, खमतराई बाजार, वीर शिवाजी वार्ड में भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति के साथ संपन्न हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी जी ने अपने संकल्प में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी दृष्टिकोण से आत्मनिर्भर भारत अभियान देशभर में संचालित हो रहा है। गुढ़ियारी मंडल कार्यशाला इसी क्रम का एक विशेष आयोजन था, जिसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं में आत्मनिर्भर भारत की सोच को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर विकासोन्मुख प्रयासों को गति देना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे प्रधानमंत्री जी के मन की बात के श्रवण से हुई। कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री के संदेश को सुना और उनके विचारों को अपने जीवन व कामकाज में उतारने का संकल्प लिया। इसके बाद कार्यशाला के स्वरूप में वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।
मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता श्री ओंकार बैस जी तथा जिला महामंत्री श्री सत्यमदुवा जी ने संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए बताया कि आत्मनिर्भर भारत का सपना केवल शासन की योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज और प्रत्येक कार्यकर्ता की भागीदारी से ही साकार होगा। पार्षद व नगर निगम जोन 01 के अध्यक्ष श्री गज्जू साहू, जिला संयोजक भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ श्री नवीन शर्मा एवं पार्षद व नगर निगम जोन 08 के अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ठाकुर ने भी विचार व्यक्त किए और सभी को अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के पश्चात जीएसटी बचत उत्सव अंतर्गत खमतराई बाजार के व्यापारियों से संपर्क अभियान चलाया गया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों को योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें आत्मनिर्भर भारत के अभियान से जोड़ना रहा।
यह आयोजन आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की दिशा में गुढ़ियारी मंडल का एक सशक्त कदम साबित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here