Home खेल आज से शुरू महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025, भारत का पहला मुकाबला...

आज से शुरू महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025, भारत का पहला मुकाबला श्रीलंका से

193
0

क्रिकेट प्रेमियों के लिए इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। आज से भारत में आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की शुरुआत होने जा रही है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला भारतीय महिला टीम और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। यह मैच आज दोपहर 3 बजे से गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम (बरसापारा) में खेला जाएगा।

भारतीय महिला टीम अब तक आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप नहीं जीत सकी है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में इस बार टीम इंडिया का इरादा 47 साल के लंबे इंतजार को खत्म करने का है। घरेलू परिस्थितियों में खेलते हुए टीम को न सिर्फ फैंस का भरपूर समर्थन मिलेगा बल्कि हालिया प्रदर्शन को देखते हुए यह मौका भी ऐतिहासिक साबित हो सकता है।

भारतीय टीम आईसीसी रैंकिंग में तीसरे पायदान पर है। बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना, जेमिमा रौड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर पर निगाहें रहेंगी, जबकि ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा संतुलन बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी। गेंदबाजी में रेणुका सिंह ठाकुर और राधा यादव विरोधी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती हैं।

श्रीलंका की टीम को हल्के में लेना बड़ी गलती होगी। कप्तान चमारी अटापट्टू दुनिया की सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शुमार हैं, जो अकेले दम पर मैच का पासा पलट सकती हैं। उनके अलावा हसिनी परेरा और हर्षिता समरविक्रमा से भी टीम को उम्मीदें होंगी। गेंदबाजी विभाग में इनोका रणवीरा और उदेशिका प्रबोधनी का अनुभव टीम के काम आ सकता है।

कब और कहां देखें मुकाबला

  • तारीख: 30 सितंबर 2025 (मंगलवार)
  • समय: दोपहर 3:00 बजे (टॉस 2:30 बजे)
  • स्थान: एसीए स्टेडियम, गुवाहाटी (बरसापारा)
  • टीवी प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क
  • लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here