बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा आज जगदलपुर पहुंचे। यहां विमानतल पर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पाण्डेय, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन और अन्य भाजपा नेताओं ने उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का स्वागत किया। श्री शर्मा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के जगदलपुर प्रवास की तैयारियों के सिलसिले में यहां आए हैं। श्री शाह यहां बस्तर दशहरा के तहत आयोजित होने वाले मुरिया दरबार में शामिल होंगे। राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे और 4 अक्टूबर की सुबह जगदलपुर में रहेंगे। वे दंतेश्वरी मैया के दर्शन के बाद मुरिया दरबार में शामिल होंगे। श्री शर्मा ने बताया कि मुरिया दरबार में हमारे बस्तर सांसद एवं बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप के नेतृत्व में बस्तर के गायता, पुजारी, सिरहा, पटेल, प्रधान आदि लोग अमित शाह जी से भेंट करेंगे और अपनी मांगें उनके समक्ष रखेंगे।










