दंतेवाडा संवाददाता – रिकेश्वर राणा
गाँधी जयंती के पावन अवसर पर दंतेवाड़ा जिले के ग्राम पंचायत गुमड़ा में “जन–जन तक योजनाएँ” पहुँचाने के उद्देश्य से एक विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र के सभी विभागों के अधिकारी–कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सभा अध्यक्ष श्री श्यामलाल कोवासी ने की। इस दौरान नोडल अधिकारी महेंद्र चोरका, सरपंच नन्दू सोड़ी, सचिव गोपाल सिंह राठौर, रोजगार सहायक रमेश कुमार यादव, पटवारी डिगेश उसेंडी, बी.एल.ओ. तिरनाथ यादव सहित सभी शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मितानिन, स्व–सहायता समूह की दीदीयाँ एवं ब्लॉक समन्वयक सीमा नाग अपने दल के साथ उपस्थित रहे।
सभा में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न शासकीय योजनाओं व अभियानों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, जल व सिंचाई, स्वच्छता, कुपोषण, सामाजिक कल्याण, बाल विवाह पर रोकथाम, सामुदायिक वन संसाधन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे “आदि कर्मयोगी अभियान” के अंतर्गत गांव के हर पारा, मोहल्ला और टोले में भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी घर–घर पहुँचाई गई। इस दौरान युवाओं और ग्रामीण सहयोगियों ने सामूहिक रूप से अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सभा में गांव की पाँच वर्षीय कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई और ग्रामीणों से सुझाव लेकर भावी विकास कार्यों की दिशा तय की गई। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं, माताओं और बहनों ने भी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी सहभागिता से इस विशेष ग्राम सभा को सफल बनाया।









