Indian Origin Man Shot Dead In US:
अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ हेट क्राइम के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला पेंसिल्वेनिया राज्य के पिट्सबर्ग (Pittsburgh) से सामने आया है, जहां भारतीय मूल के बिजनेसमैन राकेश एहागाबन (51 वर्ष) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना ने पूरे भारतीय समुदाय में गहरा आक्रोश और डर पैदा कर दिया है।
इस वारदात से सिर्फ 24 घंटे पहले अमेरिका के डलास शहर में तेलंगाना के एक छात्र की गोली मारकर हत्या की गई थी। लगातार दो भारतीयों की निर्मम हत्या से दहशत का माहौल है।
झगड़े को शांत कराने गए थे, गोली मार दी गई
पुलिस के अनुसार, राकेश एहागाबन पिट्सबर्ग के रॉबिन्सन टाउनशिप में एक मोटल चलाते थे। घटना के समय मोटल के बाहर कुछ लोग झगड़ रहे थे। राकेश जब माहौल शांत कराने के लिए बाहर निकले और उन्होंने आरोपी से पूछा — “क्या तुम ठीक हो दोस्त?” — तभी आरोपी ने उनके सिर में गोली मार दी।
वारदात मोटल के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान 37 वर्षीय स्टेनली यूजीन वेस्ट के रूप में की है।
आरोपी पहले भी कर चुका था फायरिंग
पुलिस जांच में पता चला है कि घटना से कुछ देर पहले ही स्टेनली ने अपनी महिला साथी पर भी गोली चलाई थी। महिला अपनी कार में बच्चे के साथ बैठी थी जब स्टेनली ने उसकी गर्दन पर गोली चला दी। घायल महिला किसी तरह नजदीकी ऑटो सर्विस सेंटर तक पहुंची, जहां से उसे गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया। कार की पिछली सीट पर मौजूद बच्चा सुरक्षित बच गया।
पुलिस पर भी की फायरिंग
राकेश की हत्या के बाद आरोपी यू-हॉल वैन से मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे ईस्ट हिल्स इलाके में ट्रैक किया, जहां उसने पुलिस पर भी गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक अधिकारी घायल हुआ। बाद में पुलिस ने स्टेनली को भी गोली मारकर काबू किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की हरकतें जानबूझकर और बिना किसी उकसावे के की गई थीं।
क्या होता है ‘मोटल’?
मोटल एक प्रकार का आवास होता है, जो खासतौर पर सड़क यात्रा करने वाले लोगों के लिए बनाया जाता है। “मोटल” शब्द ‘मोटर’ और ‘होटल’ से मिलकर बना है। ये आमतौर पर हाइवे या मुख्य सड़कों के किनारे बने होते हैं, जहां वाहन चालक आसानी से ठहर सकते हैं।
मोटल में आमतौर पर पार्किंग की सुविधा, कमरे, बाथरूम और कभी-कभी एक छोटा रेस्तरां भी होता है।









