अगर आपका कोई पुराना बैंक खाता, बीमा पॉलिसी या निवेश कई सालों से निष्क्रिय पड़ा है, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को घोषणा की कि देश के बैंकों और वित्तीय संस्थानों में करीब ₹1.84 लाख करोड़ रुपये ऐसे हैं, जिनका अब तक कोई दावेदार नहीं है.
सरकार ने तय किया है कि यह पैसा अब असली मालिकों या उनके परिवारों को वापस दिया जाएगा. इसके लिए ‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार’ नाम से तीन महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है.
गुजरात के गांधीनगर में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री सीतारमण ने इस राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की.
उन्होंने कहा कि इन पैसों में निष्क्रिय बैंक जमा, बीमा राशि, डिविडेंड, म्यूचुअल फंड, पेंशन और निवेश रिटर्न जैसी रकम शामिल है, जो वर्षों से बिना दावे के पड़ी हुई है.
वित्त मंत्री ने कहा- “यह केवल कागज पर लिखे आंकड़े नहीं हैं, बल्कि मेहनतकश भारतीय परिवारों की पूंजी है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा में मदद कर सकती है. हमारा प्रयास है कि हर भारतीय को उसका हक मिले.”









