जांजगीर-चांपा। संवाददाता – राजेंद्र जायसवाल
जिला जांजगीर-चांपा , 08 अक्टूबर 2025।
जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और सड़कों की खराब स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने अब एक बड़ा निर्णय लिया है। सड़कों पर कैच व्हील (लोहे के रिंग या केज व्हील) लगाकर ट्रैक्टर चलाना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। इस संबंध में जिला परिवहन अधिकारी श्री गौरव साहू ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि ऐसे ट्रैक्टरों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खेतों के ट्रैक्टर सड़कों पर खतरा बन रहे
ट्रैक्टर मूल रूप से कृषि कार्यों के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन कई किसान खेतों में उपयोग के लिए लगाए गए नुकीले दोहरे पिंजरों (केज व्हील) को हटाए बिना ही इन्हें सड़कों, सीमेंट मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर चलाने लगे हैं।
इन लोहे के पहियों के कारण न केवल सड़क की सतह टूट-फूट जाती है, बल्कि इनसे दुर्घटनाओं की संभावना भी कई गुना बढ़ जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के ट्रैक्टरों से न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।
सड़कें हो रही हैं क्षतिग्रस्त
सड़क निर्माण पर सरकार करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन लोहे के केज व्हील वाले ट्रैक्टर जब इन सड़कों पर चलते हैं, तो सीमेंट और डामर की परतें उखड़ जाती हैं। परिणामस्वरूप कुछ ही महीनों में सड़कें गड्ढों में बदल जाती हैं।
परिवहन विभाग के अनुसार, यह कार्य न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है, बल्कि इससे सार्वजनिक संपत्ति को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का अपराध भी बनता है।
किसानों से अपील
जिला परिवहन अधिकारी श्री गौरव साहू ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे अपने ट्रैक्टरों से कैच व्हील को केवल खेतों में ही उपयोग करें, और सड़कों पर चलाने से पहले इन्हें अवश्य हटा दें।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जांच अभियान चलाया जाएगा और जो भी ट्रैक्टर लोहे के रिंग लगे पहियों के साथ सड़क पर चलते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 190(2) के तहत जुर्माना और वाहन जब्ती की कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा सड़क क्षति की स्थिति में मरम्मत खर्च की वसूली भी वाहन मालिक से की जाएगी।
कैच व्हील लगाकर ट्रैक्टर चलाना किसानों के लिए भले ही समय की बचत का साधन लगे, लेकिन इससे सड़कें नष्ट होती हैं, दुर्घटनाएं बढ़ती हैं
कैच व्हील लगाकर ट्रैक्टर चलाना किसानों के लिए भले ही समय की बचत का साधन लगे, लेकिन इससे सड़कें नष्ट होती हैं, दुर्घटनाएं बढ़ती हैं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान होता है। प्रशासन का यह कदम जनहित और सुरक्षा दोनों के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण है।
अब यह जिम्मेदारी सभी किसानों की है कि वे नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।









