बस्तर सम्वाददाता – अर्जुन झा
बीजापुर 10 अक्टूबर 2025/बस्तर संभाग के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने, उनके रचनात्मक एवं खेल प्रतिभा को निखारने, उन्हे अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने और बस्तर क्षेत्र की जनता का शासन से प्रत्यक्ष संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से “बस्तर ओलंपिक 2025” आयोजन किया जाना निहित है। बीजापुर जिले के अधिक से अधिक प्रतिभागियों के सहभागिता के लिए बस्तर संभाग आयुक्त द्वारा विडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिले में बस्तर ओलंपिक में प्रतिभागियों के प्रचार-प्रसार, प्रतिभागियों के पंजीयन प्रगति एवं कलस्टर स्तर, विकासखण्ड स्तर एवं जिला स्तर पर आयोजन की तिथि आयोजन स्थल का समीक्षा किया गया। इस विडियों कॉन्फ्रेंस में जिले के सभी जनपद पंचायतों में सरपंचगणों / जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति से संवाद करते हुए बस्तर ओलंपिक में अपने निर्वाचित क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को सहभागिता में सहयोग करने की अपील की।
बस्तर ओलंपिक के इस विडियो कॉन्फ्रेंस में कलेक्टर श्री संबित मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे, अनुविभागीय अधिकारी श्री जागेश्वर कौशल, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला खेल अधिकारी श्री एन.पी. गवेल तथा समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित रहे।









