श्रीनगर-
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों को सोमवार शाम बड़ी सफलता मिली। नियंत्रण रेखा (LoC) के पास माचिल और दुदनियाल क्षेत्रों में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए।
सेना के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया और मुठभेड़ में दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया गया। सेना ने इलाके में तलाशी अभियान जारी रखा है ताकि किसी और आतंकी की मौजूदगी की पुष्टि की जा सके। मारे गए आतंकियों की पहचान और उनके संगठन से संबंधों की जांच की जा रही है।
कठुआ में मिला पुराना मोर्टार गोला, बम स्क्वाड ने किया डिफ्यूज
इसी बीच, कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर के करोल मथुरा गांव में स्थानीय लोगों ने खेत में एक पुराना मोर्टार गोला देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस और सुरक्षा बलों को दी गई। मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते (BDS) ने गोले को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस दौरान किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ और क्षेत्र को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया गया।
सर्दियों से पहले LoC पर सतर्कता बढ़ी
घुसपैठ की संभावनाओं को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने LoC पर निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।
बीएसएफ के अतिरिक्त महानिदेशक सतीश एस. खंडारे ने बताया कि सर्दियों से पहले पड़ोसी देश की ओर से आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशें तेज हो सकती हैं, इसलिए जवानों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
उन्होंने कहा, “घुसपैठ रोकने के लिए सीमा पर हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जवान लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि किसी भी संदिग्ध हरकत को तुरंत रोका जा सके।”
कुपवाड़ा में दो आतंकियों के खात्मे और कठुआ में मोर्टार गोले के निष्क्रिय होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। सर्दियों से पहले LoC पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी घुसपैठ की साजिश को नाकाम किया जा सके।









