गोवा के कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक का मंगलवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि 79 वर्षीय नाइक को उनके गृहनगर पोंडा में दिल का दौरा पड़ा था। नाइक का गृहनगर पणजी से 30 किलोमीटर दूर है। उन्हें पोंडा शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात करीब 1 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
उनके परिवार में पत्नी, दो बच्चे, एक बहू और तीन पोते-पोतियां हैं। उनका अंतिम संस्कार बुधवार अपराह्न तीन बजे किया जाएगा। नाइक का पार्थिव शरीर पोंडा के खड़पाबांध स्थित उनके आवास पर लाया गया, जहां हजारों लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने X पर लिखा है, ”गोवा सरकार में मंत्री श्री रवि नाइक जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें एक अनुभवी प्रशासक और समर्पित लोक सेवक के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने गोवा के विकास पथ को समृद्ध बनाया। वे विशेष रूप से वंचितों और हाशिए पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित थे। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।”









