बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
संघ ने दी चेतावनी, शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन उठायेगा आंदोलनात्मक कदम……
प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष राजकिशोर तिवारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री केदार कश्यप से नवा रायपुर स्थित उनके निवास में भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने संयुक्त संचालक (शिक्षा) बस्तर संभाग राकेश पांडे की अमानवीय एवं तानाशाही कार्यशैली तथा शिक्षकों के प्रति अनुचित व्यवहार की लिखित शिकायत मंत्री को सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष श्री तिवारी ने अवगत करवाया कि, संयुक्त संचालक (शिक्षा) के द्वारा शिक्षकों को मानसिक रूप से प्रताडित किया जा रहा है।शिक्षकों के ऑडियो वीडियो बनाकर वेतन रोके जाने, वार्षिक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) स्थगित करने तथा निलंबन की धमकी देकर भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित किया जा रहा है। यहां तक कि कारण बताओ सूचना मिलने पर जब शिक्षक कार्यालय पहुँचते हैं तो उन्हें अपमानित कर भगा दिया जाता है।
संघ ने मंत्री से आग्रह किया है कि ऐसे अधिकारियों को या तो अपनी कार्यशैली सुधारने हेतु निर्देशित किया जाए अथवा अन्यत्र स्थानांतरण किया जाये।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगा।









