दीपक कश्यप/पेंड्रा –
आज 15 अक्टूबर को “भारत के पूर्व राष्ट्रपति, मिसाइल मैन और महान वैज्ञानिक” डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी की जयंती को राष्ट्रीय छात्र दिवस के रूप में स्वामी आत्मानंद शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पेंड्रा में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के सुंदर गार्डन परिसर में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष श्री राकेश जालान, विशिष्ट अतिथि श्री प्रशांत उपाध्याय, श्री पुरन छाबरीया, पूर्व सीएमओ श्री मोतीलाल जैन, विद्यालय के प्राचार्य श्री आर.एस. आर्मो, श्री ओ.आर. कुरैशी, श्री बी. ओग्रे, श्री गोविंद तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. कलाम जी की प्रतिमा स्थापना हेतु भूमिपूजन से हुई। उपस्थित अतिथियों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर छात्रों ने डॉ. कलाम के विचारों एवं उनके जीवन दर्शन पर भाषण, गीत एवं निबंध प्रस्तुत किए।
अंत में अध्यक्षीय उद्बोधन में नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश जालान ने कहा —
“डॉ. कलाम जी ने सदैव युवाओं को प्रेरित किया कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करें। उनका जीवन सादगी, सेवा और समर्पण का प्रतीक है।”
उन्होंने डॉ. कलाम जी का प्रसिद्ध कथन उद्धृत किया —
“अगर तुम सूर्य की तरह चमकना चाहते हो, तो पहले सूर्य की तरह जलना सीखो।”
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने परिसर में ‘जेट्रोफा पौधा’ (Jatropha Plant) का रोपण किया, जो हरित ऊर्जा और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति डॉ. कलाम के विचारों को समर्पित रहा।
प्राचार्य श्री आर.एस. आर्मो ने कहा कि —
“यह पौधा कलाम जी के उस स्वप्न का प्रतीक है जिसमें उन्होंने जैव ईंधन से ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था।”
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री ओ . आर .कुरैशी ने किया एवं अंत में धन्यवाद ज्ञापन श्री गोविंद द्वारा प्रस्तुत किया गया।







