रघुराज –
कांकेर जिले में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे 30 पर जंगलवार कॉलेज के पास गुरुवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे एक यात्री बस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस में सवार 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और सुबह के वक्त घना कोहरा छाया हुआ था। धुंध के कारण दृश्यता बेहद कम होने से चालक को सड़क किनारे खड़ी ट्रक दिखाई नहीं दी और बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्रियों को खिड़की और सीटों के बीच फंसना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर पास के कांकेर जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद कुछ को गंभीर हालत में जिला मुख्यालय रेफर किया गया है।
पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और घने कोहरे को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से हाईवे पर रात्रिकालीन परिवहन सुविधाओं की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और चालक से पूछताछ जारी है।







