बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
नक्सलियों के इलाके में सुरक्षा बलों के पड़े कदम
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के सुदूरवर्ती ग्राम कांडलापर्ती में नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप की स्थापना कर ली गई है। यह पहल छत्तीसगढ़ शासन की नियद नेल्ला नार योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।
विपरीत मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए इस कैंप की स्थापना सफलता पूर्वक की। यह कदम न केवल सुरक्षा दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है बल्कि क्षेत्रीय विकास की गति को भी नई दिशा देगा। भोपालपटनम से फरसेगढ़, सेंड्रा और गढ़चिरौली को जोड़ने की दिशा में यह एक अहम प्रगति है। आगामी समय में नेशनल पार्क क्षेत्र के ग्रामों को सड़क और अन्य सुविधाओं से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
सुरक्षा और विकास की लय ताल
कांडलापर्ती में कैंप की स्थापना से स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पेयजल, पीडीएस दुकानें, मोबाइल नेटवर्क, सड़क और पुल-पुलिया जैसी सुविधाएं सुलभ होंगी। इससे माओवादियों की अंतर्राज्यीय गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।वर्ष 2024 से अब तक बीजापुर जिले में कुल 19 सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं। इन प्रयासों के फलस्वरूप 599 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, 196 माओवादी अलग अलग मुठभेड़ में मारे गए हैं तथा 982 माओवादियों को सुरक्षा बलों की कार्रवाई में गिरफ्तारी हुई है। सुरक्षा बलों द्वारा किए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप बस्तर संभाग में दो दिन पहले ही एकसाथ 210 नक्सलियों ने हथियार के साथ आत्मसमर्पण किया है, यह नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी रणनीतिक सफलता है।

दमदार प्रशासनिक नेतृत्व
बीजापुर के सुदूर क्षेत्रों में नक्सल उन्मूलन अभियान एवं विकासात्मक कार्यो में तेजी लाने हेतु सुंदरराज पी. पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज, श्री शालिन महानिरीक्षक सीआरपीएफ ऑप्स छग सेक्टर रायपुर, कमलोचन कश्यप पुलिस उप महानिरीक्षक रेंज दंतेवाड़ा, बीएस नेगी उप महानिरीक्षक (परि.) सीआरपीएफ रेंज बीजापुर के मार्गदर्शन एवं डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक जिला बीजापुर, मोहित कुमार कमांडेंट सीआरपीएफ 22 बटालियन, केडी जोशी कमांडेंट सिआरिएफ 214 बटालियन, अशोक कुमार कमांडेंट कोबरा 210, पुष्पेंद्र कुमार कमांडेंट कोबरा 206, रवींद्र कुमार मीणा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स बीजापुर, अमन कुमार झा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल ऑप्स बीजापुर, संजय ध्रुव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मनोज तिर्की उप पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भोपालपटनम घनश्याम कामड़े, कुलदीप सिंह डीसी ऑप्स बीजापुर की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ शासन की नियद नेल्ला नार योजना के तहत जिला बीजापुर थाना भोपालपटनम् क्षेत्र के ग्राम कांडलापर्ती में सुरक्षा कैंप स्थापित किया गया। कैंप स्थापित होने से क्षेत्र में नक्सलियों की अंतर्राज्यीय गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, नक्सल विरोधी अभियान संचालन में तेजी आएगी एवं आपपास क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीणों को विकासात्मक कार्य एवं मूलभूत सुविधायें जैसे कि सड़क, पुल पुलिया निर्माण, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधा, पीडीएस दुकाने, अच्छी शिक्षा, मोबाईल कनेक्टिविटी का विस्तार आदि की सुविधायें मिल पायेगा। नवीन सुरक्षा कैंप स्थापित होने से क्षेत्र के आमजन उत्साहित हैं।
खुल चुके हैं 41 सुरक्षा कैंप
वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में अब तक बीजापुर जिले में कुल 41 नवीन सुरक्षा कैंप स्थापित किए जा चुके हैं। नियद नेल्ला नार योजना के तहत इन क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल टावर, आंगनबाड़ी और अन्य जन सुविधाओं का तेज गति से विस्तार हुआ है।









