Donald Trump insults Australian Ambassador Kevin Rudd:
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ऑस्ट्रेलिया के राजदूत केविन रुड के बीच पुरानी तनातनी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई। व्हाइट हाउस में सोमवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने सबके सामने रुड को अपमानित कर दिया। उस वक्त ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज (Anthony Albanese) भी मौजूद थे।
दरअसल, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 20 अक्टूबर को रेयर अर्थ मिनरल्स और क्रिटिकल मिनरल्स से जुड़ा एक अहम समझौता हुआ। यह मिनरल्स इलेक्ट्रिक वाहनों, जेट इंजनों और रक्षा उपकरणों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। इसी करार के ऐलान के लिए व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई थी।
इस दौरान एक ऑस्ट्रेलियाई पत्रकार ने ट्रंप से सवाल किया कि क्या उन्हें ऑस्ट्रेलियाई सरकार या राजदूत केविन रुड के पुराने बयानों से कोई आपत्ति है? ट्रंप ने हंसते हुए जवाब दिया— “मुझे उनके बारे में कुछ नहीं पता।”
इसी बीच ट्रंप ने रुड की ओर देखते हुए कहा, “क्या आपने कुछ गलत किया था? क्या आप अब भी सरकार में हैं?”
रुड ने मुस्कुराकर जवाब दिया— “नहीं मिस्टर प्रेसिडेंट, मैं इस पद पर आने से पहले सरकार में था।”
मामला यहीं नहीं रुका। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में ओवल ऑफिस में मुलाकात के दौरान ट्रंप ने रुड से दो टूक कहा— “मुझे तुम पसंद नहीं हो, और शायद कभी नहीं होगे।”
दरअसल, दोनों नेताओं के बीच यह खटास पुरानी है। साल 2020 में केविन रुड ने ट्रंप को “इतिहास का सबसे विनाशकारी राष्ट्रपति” कहा था। इसके जवाब में ट्रंप ने रुड को “गंदा और कम समझदार व्यक्ति” बताया था।
हालांकि इस विवाद के बावजूद प्रधानमंत्री अल्बनीज ने अमेरिका के साथ रिश्ते मजबूत करने की कोशिश जारी रखी। दोनों देशों के बीच हुए इस नए खनिज समझौते को चीन पर निर्भरता घटाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
साथ ही ट्रंप प्रशासन इस समय AUKUS रक्षा समझौते (अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन के बीच) की समीक्षा भी कर रहा है, जिससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक संतुलन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।









