इन दिनों जहां टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है तो वहीं भारत और श्रीलंका में महिला वनडे विश्व कप 2025 की धूम है. 8 टीमों के बीच शुरू हुआ ये टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे पॉइंट्स टेबल का गणित और दिलचस्प होता जा रहा है. अब तक 21 मैच हो चुके हैं और 3 टीमें ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है.
टीम इंडिया की हालत खराब है और अभी तक उसने क्वालीफाई नहीं किया है. हम यहां सभी टीमों का प्वाइंट टेबल में हाल जानेंगे, साथ ही ये भी जानेंगे कि आखिर टीम इंडिया कैसे सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर सकती है.
दरअसल, अब वर्ल्ड कप लीग स्टेज में सिर्फ 9 मैच बचे हैं. हर मैच का असर पॉइंट्स टेबल पर पड़ेगा. भारत के पास अब भी मौका है कि वह तीन जीत के साथ सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ले, लेकिन जरा सी चूक टीम को बाहर भी कर सकती है, क्योंकि एक जगह के लिए 2 टीमें- भारत और न्यूजीलैंड के बीच लड़ाई है.
लीग स्टेज के 22 मैचों के बाद प्वाइंट टेबल में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका टॉप 3 पर हैं. ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के पास 9-9 अंक हैं, जो क्रमशः बेहतर नेट रन रेट की वजह से पहले और दूसरे स्थान पर हैं. वहीं साउथ अफ्रीका के खाते में 8 अंक हैं और टीम तीसरे स्थान पर है. भारत 4 अंकों के साथ चौथे, न्यूजीलैंड इतने ही अंकों के बाद पांचवें नंबर पर है.









