बिलासपुर-
रतनपुर-कोटा मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत रतनपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर क्षेत्र के भैंसाझार निवासी युवराज सिंह अपने छोटे भाई आशू सिंह के साथ सोमवार शाम रतनपुर पटाखा खरीदने गया था। खरीदारी के बाद दोनों भाई शाम करीब सात बजे बाइक से गांव लौट रहे थे। इस दौरान जब वे काल्हामार और मेंड्रापारा के बीच पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पर सवार युवक सड़क पर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर एएसपी अर्चना झा और रतनपुर थाना प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया है और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, जिसके कारण यह आमने-सामने की टक्कर हुई।









