रायगढ़-
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तराईमाल स्थित एनआरवीएस प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट होने से हड़कंप मच गया। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मृतक की पहचान बिहार निवासी राम नारायण यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे प्लांट के फर्नेस सेक्शन में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी भीषण थी कि आसपास का इलाका दहल उठा और आसमान में घने धुएं का गुबार फैल गया। उस समय बड़ी संख्या में मजदूर प्लांट में काम कर रहे थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों ने हादसे के बाद प्लांट को अस्थायी रूप से सील कर दिया है।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि घायलों और मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है, हालांकि अभी तक किसी अधिकारी ने आधिकारिक बयान नहीं दिया है। हादसे के कारणों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की जा रही है।









