बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
पर्यटन सड़क के लिए 94 लाख, सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख की सौगात
चौपाल लगाकर ग्रामीणों से की सीधी बातचीत
जवान की बाईक पर बैठ कर नंबी गांव तक पहुंचे मंत्री शर्मा


जगदलपुर। अक्सर अपनी जान जोखिम में डाल देने वाले छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने एकबार फिर ऐसा ही कदम उठाकर प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। इस बार विजय शर्मा शुक्रवार को दोपहर अचानक बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के अत्यंत सुदूर अति नक्सल प्रभावित ग्राम नंबी पहुंच गए। उन्होंने नंबी चौक से नंबी जलप्रपात पर्यटन स्थल तक 94.48 लाख रुपए की लागत से बनने वाली डब्ल्यूबीएम सड़क का भूमिपूजन किया। यह सड़क सीधे नंबी जलप्रपात तक जाएगी। जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने बताया कि पर्यटन विकास के माध्यम से बस्तर अब नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर उन्होंने नंबी गांव में 20 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की। गृहमंत्री विजय शर्मा ने नंबी गांव में नचौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने शासन की योजनाओं जैसे महतारी वंदन योजना, धान खरीदी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि आदि की जानकारी दी और ग्रामीणों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को सीएससी सेंटर संचालन के लिए प्रशिक्षण दिलाने और किसानों के जमीन पट्टा शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।


युवाओं को किया प्रोत्साहित
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बीजापुर जिला प्रशासन द्वारा गठित नंबी जलधारा समिति के 24 युवा सदस्य नंबी जलप्रपात का संचालन एवं देखरेख कर रहे हैं। समिति के अध्यक्ष गजेंद्र ने बताया कि पिछले चार माह में जलधारा स्थल से चार लाख रुपए की आमदनी हुई है और जर्मनी से विदेशी पर्यटक भी यहां भ्रमण करने पहुंचे हैं। उप मुख्यमंत्री ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं को प्रोत्साहित किया। शर्मा ने कहा कि दो वर्ष पूर्व नंबी में सुरक्षा कैंप स्थापित हुआ है। जिससे अब गांव में बिजली, पानी, राशन और स्कूल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच चुकी हैं। बीजापुर अब विकास की राह पर अग्रसर है। सरकार की पुनर्वास नीति के चलते बड़ी संख्या में लोग हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं। वह दिन दूर नहीं जब बस्तर पूरी तरह हिंसा मुक्त होगा। इस अवसर पर कलेक्टर संबित मिश्रा ने सुरक्षा कैंप स्थापित होने के बाद गांव में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में एडीजी नक्सल ऑपरेशन विवेकानंद सिन्हा, बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह, आईजी बस्तर सुंदरराज पी., डीआईजी कमलोचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव, डीएफओ रंगनाथन रामाकृष्णन वाय, जनप्रतिनिधि, अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सरपंच सुशीला काका एवं जनपद अध्यक्ष पूर्णिमा तेलम ने भी संबोधित किया। साथ में मौजूद दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।









