इंदौर-
मध्यप्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने शहर की अंतरराष्ट्रीय छवि को गहरा धक्का पहुंचाया है। महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए भारत आई ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि होटल रेडिसन ब्लू से पास के कैफे तक पैदल जा रही दोनों खिलाड़ी खजराना रोड पर एक बाइक सवार युवक की हरकतों का शिकार हुईं।
रिपोर्ट के अनुसार, युवक ने पहले दोनों खिलाड़ियों का पीछा किया और फिर एक खिलाड़ी को अनुचित तरीके से छुआ। अचानक हुई इस हरकत से घबराई खिलाड़ियों ने तुरंत अपनी टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को SOS सिग्नल और लाइव लोकेशन भेजी। कुछ ही मिनटों में इंदौर से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई।
एफआईआर दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही एमआईजी थाना पुलिस हरकत में आई। सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 और 78 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी की पहचान अकील, निवासी खजराना के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि अकील पर पहले से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। जिस इलाके में विदेशी खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई थी, वहां सुरक्षा के नाम पर न तो महिला पुलिसकर्मी मौजूद थीं और न ही पर्याप्त सुरक्षा बल।
सुरक्षा में बड़ी चूक, पुलिस कमिश्नर ने दी फटकार
घटना के बाद पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने संबंधित इंटेलिजेंस यूनिट को फटकार लगाई और तत्काल विजयनगर, एमआईजी, खजराना, परदेशीपुरा और कनाडिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों खिलाड़ी बिना सुरक्षा के होटल से बाहर निकली थीं।
एसीपी हिमानी मिश्रा और एसआई निधि रघुवंशी ने होटल पहुंचकर दोनों खिलाड़ियों के बयान दर्ज किए। अंग्रेजी में दिए गए लिखित बयान में खिलाड़ियों ने पूरी वारदात का विवरण बताया। जांच में पुष्टि हुई कि आरोपी नशे की हालत में था और बार-बार खिलाड़ियों के करीब आने की कोशिश कर रहा था।
एक स्थानीय व्यक्ति की सतर्कता से पुलिस को बड़ी मदद मिली — उसने बाइक का नंबर नोट कर लिया था, जिसके आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शहर की छवि पर दाग, सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने न केवल खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, बल्कि इंदौर जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली सिटी की साख पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है। जिस शहर में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ठहरे हों, वहां ऐसी घटना होना पुलिस की चौकसी पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।









