Home चर्चा में मस्तूरी मे नकाबपोशों की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो लोग घायल,पुलिस जांच में जुटी

मस्तूरी मे नकाबपोशों की ताबड़तोड़ फायरिंग, दो लोग घायल,पुलिस जांच में जुटी

4
0

बिलासपुर संवाददाता – रोशनी सोनी 

मस्तूरी में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस वारदात में दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब 12 से अधिक राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई इस गोलीबारी से मौके पर भगदड़ मच गई।

फायरिंग के दौरान चंद्रकांत सिंह के हाथ में और राजू सिंह के पैर में गोली लगी। दोनों घायल होकर मौके पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल, बिलासपुर रेफर किया गया।

फायरिंग की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस, अतिरिक्त बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाके को घेर लिया और नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खोखे और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एएसपी सहित एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है और मुख्य मार्गों पर कड़ी चेकिंग जारी है।

स्थानीय लोगों व इलाके में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि फायरिंग इतनी तीव्र थी कि कुछ मिनटों तक पूरा इलाका गोलियों की आवाज़ों से गूंजता रहा। लोग डर के मारे अपने घरों में छिप गए।
इस घटना ने न केवल मस्तूरी बल्कि पूरे बिलासपुर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here