बिलासपुर संवाददाता – विमल सोनी
मस्तूरी:

मंगलवार शाम जिले के मस्तूरी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैली जब अज्ञात नकाबपोश बाइक सवारों ने कांग्रेस नेता एवं जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के निजी ऑफिस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उनके रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह ठाकुर और कर्मचारी राजू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत उपचार हेतु अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मस्तूरी और तोरवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर घेराबंदी की और जांच शुरू कर दी। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि हमलावरों की तलाश हेतु सख्त नाकेबंदी की गई है, और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फॉरेंसिक व साइबर टीम भी जांच में जुटी है।
प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है।









