कोरबा संवाददाता – हेमलाल झरिया
ग्राम मुढुनारा,घोंटमार कर्मा पार्टी चयनित
जनपद पंचायत कोरबा द्वारा ग्राम पंचायत कोरकोमा में पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय कर्मा महोत्सव प्रतियोगिता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज़िला पंचायत सदस्य श्रीमती रेणुका राठिया एवं जनपद पंचायत कोरबा अध्यक्ष श्रीमती बिजमोती राठिया के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने मां सरस्वती, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर महोत्सव का शुभारंभ किया। राजकीय गीत के सामूहिक गान के साथ पूरे वातावरण में
छत्तीसगढ़ी लोकगौरव की मधुर गूंज सुनाई दी।

महोत्सव में 12 कर्मा पार्टियों ने अपनी-अपनी पारंपरिक लोककला का शानदार प्रदर्शन किया। ढोल, मादर और झांझ की थाप पर कलाकारों ने कर्मा गीतों की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसके आधार पर ग्राम मूढ़नारा और ग्राम घोंटमार की कर्मा पार्टियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि — “कर्मा लोकनृत्य हमारी पहचान है, इसे संरक्षित कर अगली पीढ़ियों तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और लोकसंस्कृति सशक्त बनती है।”

कार्यक्रम में विशेष रूप से मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कोरबा, जनपद सदस्यगण, सरपंच प्रतिनिधि, ग्राम पंचायत सचिव, एवं जनपद कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं कला प्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीण क्षेत्र की लोकसंस्कृति, परंपरा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंच पर कलाकारों की ताल पर ताल मिलाकर उपस्थित दर्शक भी थिरकते नजर आए। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीमों को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता हेतु शुभकामनाएं दी गईं।
कोरबा की धरती पर लोककला की गूंज के साथ कर्मा महोत्सव ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक अस्मिता को नई ऊर्जा प्रदान की।









