रायगढ़ (छत्तीसगढ़)। रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा धरमजयगढ़-कापू मार्ग के चाल्हा मोड़ के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे चल रही महिला को रौंद दिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार और महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृत महिला की पहचान 35 वर्षीय ललिता मिंज के रूप में हुई है। वहीं, कार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना कापू पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया जा रहा है कि मृतक अमित किंडो और फकीर चंद, दोनों सारंगढ़ क्षेत्र के निवासी थे और सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे। वे किसी काम से बाइक पर कापू की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।









