Home चर्चा में जारी रहेगा एंटी नक्सल ऑपरेशन, मगर हमने अभी खींच नहीं ली है...

जारी रहेगा एंटी नक्सल ऑपरेशन, मगर हमने अभी खींच नहीं ली है रेड कार्पेट

39
0

बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा 

= नक्सल उन्मूलन अभियान पर बोले डिप्टी सीएम शर्मा=
= बोले शर्मा- जो लौटना चाहते हैं, उनका स्वागत है =
जगदलपुर। बस्तर जिले में लगातार दौरा कर समूल रूप से नक्सलियों को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध केंद्र और राज्य सरकार की संकल्पबद्धता के साथ छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा बस्तर संभाग का लगातार दौरा कर रहे हैं। वे आज गुरुवार को फिर बस्तर आए। जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि जब तक माओवाद का समूल नाश नहीं हो जाता नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का ऑपरेशन चलता रहेगा। श्री शर्मा ने यह भी कहा कि शांतिवार्ता के लिए हमारी सरकार ने जो रेड कार्पेट बिछा रखी है, वह यथावत है। जो समाज, विकास और पुनर्वास की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनका स्वागत है।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने एक तरह से बस्तर को अपना दूसरा घर बना लिया है। वे लगातार बस्तर प्रवास पर आते रहते हैं, पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों से मिलकर उनका उत्साह बढ़ाते हैं और ग्रामीणों से भी मिलकर उनके हर सुख दुख का ध्यान रखते हैं। विजय शर्मा दो दिन पहले ही बस्तर संभाग के अति नक्सल प्रभावित जिला नारायणपुर के दौरे पर आए थे। उन्होंने नारायणपुर के कच्चापाल जाते समय रास्ते में यशोदा के टपरीनुमा होटल में रुक कर आलू भजिया का लुत्फ उठाया था। आज पुनः श्री शर्मा का जगदलपुर आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद पर पत्रकारों से खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के लिए हमारी रेड कार्पेट अभी बिछी हुई है, हमने उसे वापस नहीं खींचा है। जो लीडर शांतिवार्ता के लिए सामने आना चाहते हैं, जरूर आएं, उनका स्वागत है। साथ ही श्री शर्मा ने यह भी जोड़ा कि जवानों का ऑपरेशन तब तक रुकेगा नहीं, जब तक माओवाद का समूल नाश हो जाए। श्री शर्मा ने कहा कि जंगलों में हथियार लेकर घूमने वाले, शिक्षादूतों और निरीह आदिवासियों की हत्या करने वाले लोग हरगिज आदिवासी हितैषी नहीं हो सकते। यह उनका दिखावा मात्र है। गृहमंत्री ने कहा कि संभाग के लुदेड़, नंबी जैसे दुरूह गांवों में आज विकास की बयार बह रही है, बस्तर का हर नागरिक शांति और विकास चाहता है। माओवादियों को भी लोगों की इस भावना का सम्मान करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here