Home बिलासपुर फैक्ट्री में बड़ा हादसा: काम के दौरान 40 फीट ऊंचाई से गिरा...

फैक्ट्री में बड़ा हादसा: काम के दौरान 40 फीट ऊंचाई से गिरा क्रेन ऑपरेटर, मचा हड़कंप

198
0

बिलासपुर-

जिले की मंगल स्पंज आयरन फैक्ट्री में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। काम के दौरान क्रेन ऑपरेटर 40 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अन्य मजदूरों में दहशत फैल गई।

काम के दौरान हुई दुर्घटना

जानकारी के अनुसार, बिल्हा मैंसबोड़ निवासी मिथलेश यादव मंगल स्पंज आयरन फैक्ट्री में क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। हादसा तब हुआ जब वह काम कर रहा था और पुरानी व जर्जर जाली टूट जाने से वह नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। सहकर्मियों ने तुरंत उसे नेहरू नगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने मिथलेश को मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग करने लगे। उन्होंने शव ले जाने से इंकार कर दिया और फैक्ट्री गेट पर जमकर हंगामा किया।

काफी समझाइश और बातचीत के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने ₹1 लाख नकद मुआवजा और अतिरिक्त राशि चेक के माध्यम से देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शव को लेकर घर लौट गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फैक्ट्री प्रबंधन और ठेकेदार की भूमिका की भी जांच कर रही है।

परिवार पर टूटा दुख का पहाड़

मृतक मिथलेश यादव के घर में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि उसका एक छोटा बच्चा है और पत्नी गर्भवती है। परिजनों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here