बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
पूजन कर गौमाता को खिलाए गए छप्पन भोग
राष्ट्रीय एवं राजकीय सम्मान से गौशाला को सम्मानित करे सरकार: मुन्ना बजरंगी
जगदलपुर। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर हैप्पी कामधेनु गौशाला बस्तर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गौसेवा और गौरक्षा के प्रति समर्पित बजरंग दल के गौ रक्षकों एवं सेवकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान गौ सेवा आयोग के जिला सदस्य एवं हैप्पी कामधेनु गौशाला के संचालक दीपक पनपालिया द्वारा प्रदान किया गया।
बजरंग दल के जिला संयोजक मुन्ना कोरी ने बताया कि बस्तर जिला ही नहीं, बल्कि बस्तर संभाग के अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी घायल एवं बीमार गौवंश को उपचार हेतु हैप्पी कामधेनु गौशाला लाया जाता है। यहां उपचार, चारा पान और रहने के लिए शेड जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवा कार्य कई दशकों से निरंतर जारी है। शासन प्रशासन से मांग है कि गौशाला द्वारा किए जा रहे इस निस्वार्थ सेवा कार्य को देखते हुए संस्थान को राष्ट्रीय एवं राजकीय सम्मान से सम्मानित किया जाए।कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति भाव से गौमाताओं को छप्पन भोग अर्पित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गौमाताओं की पूजा-अर्चना की।









