बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= राशि पूरी निकाल ली, काम आधा ही कराया है सरपंच और सचिव ने =
बकावंड। विकासखंड
बकावंड की ग्राम पंचायत उड़ियापाल तलपारा में विधायक निधि से स्वीकृत पुलिया निर्माण कार्य लापरवाही और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। पुलिया निर्माण के लिए लगभग 3 लाख की राशि स्वीकृत हुई थी, जिसमें से 1 लाख मिट्टी कार्य पर खर्च दिखाया गया है। पुलिया निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।

निर्माण स्थल पर सिर्फ गड्ढे खोदकर काम रोक दिया गया है। जिसके कारण ग्रामीणों को पिछले एक माह से भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया के लिए खोदे गए गड्ढों के कारण बाइक सवार और पैदल चलने वालों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बरसात के समय यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पुलिया निर्माण के लिए खोदाई के बाद से कार्य पूरी तरह रुका हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार सरपंच और सचिव ने राशि निकालने के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया है।विधायक निधि से स्वीकृत कार्य का अधूरा रह जाना ग्रामीणों में निराशा और आक्रोश का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों ने विधायक, जनपद पंचायत एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, और पुलिया निर्माण का कार्य जल्द पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को आवाजाही में राहत मिल सके।









