Home चर्चा में दिल्ली से वृंदावन तक 7-16 नवंबर तक निकलेगी बागेश्वर बाबा पदयात्रा, रायपुर...

दिल्ली से वृंदावन तक 7-16 नवंबर तक निकलेगी बागेश्वर बाबा पदयात्रा, रायपुर से बसंत अग्रवाल देंगे मुफ्त बस-भोजन सुविधा

122
0

रघुराज/रायपुर। सनातन संस्कृति और भक्ति की पावन भावना को समर्पित बागेश्वर बाबा पदयात्रा इस वर्ष 7 नवंबर से 16 नवंबर 2025 तक आयोजित की जा रही है। यह पदयात्रा दिल्ली से आरंभ होकर पवित्र वृंदावन धाम तक पहुंचेगी, जिसमें देशभर से हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा का उद्देश्य लोगों में धार्मिक जागरण, भक्ति भावना और समाज में एकता व सद्भाव का संदेश फैलाना है।

इस पावन यात्रा में रायपुर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। रायपुर के समाजसेवी श्री बसंत चंदन अग्रवाल ने इस यात्रा में भाग लेने वाले सभी भक्तों के लिए विशेष व्यवस्था की है। वे रायपुर से दिल्ली तक नि:शुल्क बस सेवा और यात्रा के दौरान भोजन की पूरी व्यवस्था कर रहे हैं, जिससे किसी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो।

5 नवंबर 2025 को रायपुर के गुढ़ियारी स्थित हनुमान मंदिर से सुबह 7 बजे श्रद्धालुओं का दल बस द्वारा रवाना होगा। संत जन और स्थानीय भक्त जन विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जो हरि भगवा ध्वज दिखाकर यात्रा को शुभारंभ करेंगे। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, हनुमान चालीसा पाठ और बागेश्वर धाम सरकार के जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहेगा।

समाजसेवी श्री बसंत चंदन अग्रवाल ने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं बल्कि सेवा और सद्भावना का भी एक माध्यम है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य यह है कि कोई भी भक्त आर्थिक कारणों से इस पावन यात्रा से वंचित न रहे। भगवान बागेश्वर हनुमान जी की कृपा से हमें यह सेवा कार्य करने का अवसर मिला है।”

भक्तों की सुविधा के लिए नि:शुल्क पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है। जो भी व्यक्ति इस यात्रा में शामिल होना चाहते हैं, वे संपर्क संख्या 9407704001 पर फोन करके अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। सीमित सीटों के कारण अग्रिम पंजीकरण आवश्यक होगा।

यात्रा में शामिल श्रद्धालु दिल्ली पहुंचने के बाद बागेश्वर धाम के संतजनों के सानिध्य में भक्ति यात्रा प्रारंभ करेंगे। मार्ग में भक्तों के ठहराव, भंडारे और आरती के कार्यक्रम भी होंगे। 16 नवंबर को यात्रा का समापन वृंदावन धाम में विशाल हनुमान चालीसा पाठ और सामूहिक भंडारे के साथ होगा।

रायपुर के धार्मिक व सामाजिक संगठनों ने इस महान पहल का स्वागत किया है। स्थानीय नागरिकों ने भी बसंत चंदन अग्रवाल को उनके समाजसेवी कार्य के लिए साधुवाद दिया है। यह पदयात्रा न केवल धार्मिक उत्साह का प्रतीक बनेगी, बल्कि समाज में सहयोग, प्रेम और एकता के भाव को भी सुदृढ़ करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here