बिलासपुर संवाददाता रोशनी सोनी
बिलासपुर। सोमवार को अरपा पुल के नीचे उस समय हड़कंप मच गया जब राहगीरों ने एक सड़ा-गला शव देखा। सूचना मिलते ही सरकंडा और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, शव मिलने की जगह को लेकर दोनों थानों के बीच अधिकार क्षेत्र पर असमंजस की स्थिति बन गई।

काफी देर तक यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि मामला किस थाना क्षेत्र में दर्ज किया जाए। स्थिति को स्पष्ट करने के लिए पुलिस ने पुल के खंभे गिनकर सीमा तय की। जांच के बाद यह क्षेत्र सिविल लाइन थाना के अंतर्गत पाया गया, जिसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने प्रकरण की जांच अपने हाथ में ले ली।
जानकारी के अनुसार, एक राहगीर ने पुल के नीचे शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी थी। शव करीब 10 से 15 दिन पुराना बताया जा रहा है। सड़-गल जाने की वजह से शव की पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है। शरीर पर मौजूद सभी पहचान के निशान मिट चुके हैं।
फिलहाल पुलिस उसकी पहचान एवं मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।









