विमल सोनी/बिलासपुर:
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक भीषण रेल हादसा हुआ, जब बिलासपुर– कोरबा रेलखंड पर लाल खदान इलाके के पास कोरबा पैसेंजर ट्रेन एक खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैसेंजर ट्रेन के आगे के डिब्बे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में अब तक 10 यात्रियों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। हादसे के तुरंत बाद रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुट गईं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बिलासपुर रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई यात्रियों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद रेल मार्ग को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था, जिसे धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू अभियान में गैस कटर से बोगियों को काटकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि एक कोच में महिलाएं और बच्चे फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
राहत कार्य और जांच
रेलवे, स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं। रेस्क्यू टीमों ने कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। रेलवे ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि या तो ट्रेन की गति सीमा का उल्लंघन या सिग्नलिंग सिस्टम की त्रुटि इस दुर्घटना की वजह बनी।
मुआवजा और सहायता
रेल मंत्री ने इस हादसे में मृतकों और घायलों के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 5 लाख रुपये और सामान्य रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
हेल्पलाइन नंबर
रेलवे ने यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं –बिलासपुर: 7777857335, 7869953330चांपा: 8085956528रायगढ़: 9752485600पेंड्रा रोड: 8294730162कोरबा: 7869953330
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरसंभव सहायता और राहत कार्य सुनिश्चित कर रही है। कलेक्टर और जिला प्रशासन को तुरंत मौके पर जाकर राहत अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और कहा कि सरकार घायलों के इलाज और पुनर्वास में पूरा सहयोग करेगी।









