‘बाहुबलीः द बिगनिंग’ और ‘बाहुबलीः द कनक्लूजन’ को साथ जोड़कर एसएस राजामौली दर्शकों के बीच एक नई फिल्म ‘बाहुबलीः द एपिक’ लेकर आए। इस फिल्म में प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया जैसे कलाकार नजर आए। 31 अक्टूबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले वीकेंड पर 24.35 करोड़ का कलेक्शन कर लिया। इस फिल्म को दर्शकों से मिले प्यार के बाद अब मेकर्स ने बाहुबली की कहानी को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है, लेकिन एक ट्विस्ट के साथ। ट्विस्ट ये है कि बाहुबली की कहानी अब एनिमेशन वर्जन के साथ आगे बढ़ाई जाएगी, जिसका टाइटल होगा ‘बाहुबलीः द इटरनल वॉर’, जिसका टीजर भी जारी कर दिया गया है।
बाहुबलीः द इटरनल वॉर का टीजर मंगलवार को जारी किया गया, जिसे ईशान शुक्ला बना रहे हैं। ईशान ‘स्टार वॉर्सः विजन’ और ‘द बैंडिट्स ऑफ गोलक’ जैसे प्रोजेक्ट्स के लिए मशहूर हैं और अब बाहुबली की कहानी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी उन्होंने अपने कंधे पर ले ली है। हाल ही में जारी किए गए टीजर में इस ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी की मूल कहानी की झलक ही दिखाई गई है, जिससे पता चलता है कि बाहुबली और इंद्रा की कहानी आगे बढ़ने वाली है। इसके अलावा टीजर से एक बात और जाहिर होती है कि ये फिल्म शिव भक्ति पर आधारित होगी।
बाहुबलीः द इटरनल वॉर, बाहुबली सीरीज की पहली एनिमेटेड वर्जन है, जिसकी कहानी अलग समय पर आधारित होगी। इस फिल्म में अमरेंद्र बाहुबली की विरासत को एक अलग नजरिए के साथ पेश किया जाएगा। बता दें, ये एक 3डी एनिमेटेड फिल्म है, जिसकी कहानी को राजामौली डायरेक्टर ईशान शुक्ला के साथ मिलकर अनोखे अंदाज में पेश करने वाले हैं।