बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
भोपालपटनम। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बसंत राव ताटी के नेतृत्व में भोपालपटनम तहसील के ग्राम वाडला, पोल्लेम, गोखुर, पेटाबोगुड़ा एवं गंगारम सहित लिंगापुर के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के सैंकड़ो ग्रामीणों ने वन अधिकार मान्यता पत्र की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक विक्रम शाह मंडावी एवं ज़िला कलेक्टर संबित मिश्रा से मुलाक़ात कर ज्ञापन सौंपा। श्री ताटी ने बताया कि भोपालपटनम तहसील के उक्त ग्रामों में निवासरत किसान वनभूमि पर कई सालों से काबिज हैं और खेती किसानी का कार्य करते आ रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने इन्हे आज तक उन्हें वन अधिकार मान्यता पत्र प्रदान नहीं किए हैं। उन्होंने बताया कि विधायक विक्रम मंडावी एवं कलेक्टर संबित मिश्रा ने अतिशीघ्र सर्वे कराकर पात्रता के आधार पर किसानों को वन अधिकार पत्र प्रदान करने का आश्वासन दिया है।










