Home चर्चा में डीएमएफ का उपयोग केवल 25 किमी क्षेत्र तक सीमित करना बीजापुर जैसे...

डीएमएफ का उपयोग केवल 25 किमी क्षेत्र तक सीमित करना बीजापुर जैसे अति पिछड़े जिले के साथ अन्याय: सर्व आदिवासी समाज

11
0

-शासन नियम बदले, वरना किया जाएगा आंदोलन 

अर्जुन झा/बीजापुर। सर्व आदिवासी समाज जिला बीजापुर ने जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के उपयोग को केवल खदान क्षेत्र से 25 किमी के दायरे तक सीमित रखने के निर्णय का विरोध करते हुए पूरे जिले में इसके उपयोग की मांग की है। समाज ने इसे बीजापुर जैसे अति पिछड़े, नक्सल प्रभावित और जनजाति बहुल जिले के साथ घोर अन्याय बताया है।

सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष जग्गूराम तेलामी ने कहा है कि बीजापुर जिला खनिज संपदा से समृद्ध होते हुए भी विकास की दृष्टि से अत्यंत पिछड़ा है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा का लाभ सिर्फ खदान क्षेत्र तक सीमित रखना तर्कसंगत नहीं है। जिले के भोपालपट्टनम, उसूर, भैरमगढ़, बीजापुर ब्लाकों सहित सुदूर ग्राम भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। डीएमफ फंड का उपयोग पूरे जिले में समान रूप से होना चाहिए। उन्होंने बताया कि डीएमएफ की स्थापना का मूल उद्देश्य खनिज उत्खनन से प्रभावित समुदायों के सामाजिक आर्थिक विकास और पर्यावरणीय क्षति की भरपाई करना है। जबकि वास्तव में इसका लाभ केवल चुनिंदा क्षेत्रों को ही मिल रहा है।

सर्व आदिवासी समाज ने मांग की है कि बीजापुर की विशेष परिस्थितियों नक्सल प्रभाव, जनजातीय बहुलता, और अविकसित आधारभूत संरचना को ध्यान में रखते हुए राज्य शासन डीएमएफ नियमों में संशोधन करे और जिले की समस्त पंचायतों एवं विकासखंडों में निधि के उपयोग की अनुमति प्रदान करे। समाज ने यह भी कहा कि यदि शासन ने मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो इसे लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here