अशोक मनहर/सारंगढ़ –
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में कोसीर पुलिस ने जमीन विवाद में अपनी मां की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी करमलाल माली (46) ने अपनी 80 वर्षीय मां बहातिन बाई को जहर पिलाकर मार डाला था। आरोपी ग्राम जशपुर कछार, थाना कोसीर, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ का निवासी है।
यह घटना 29 अक्टूबर 2025 की शाम करीब 07:45 बजे हुई। आरोपी करमलाल माली ने अपनी मां बहातिन बाई के साथ जमीन विवाद को लेकर झगड़ा और मारपीट की। इसके बाद उसने उन्हें जहर पिला दिया और साक्ष्य छिपाने के लिए जहर का डिब्बा भी छुपा दिया।
आरोपी अपनी मां को इलाज के लिए डभरा सरकारी अस्पताल ले गया, जहां इलाज के दौरान बहातिन माली की मृत्यु हो गई। मरने से पहले, मृतिका ने अपने बयान में बताया था कि उसके बेटे करमलाल माली ने जमीन विवाद के चलते मारपीट कर उसे जबरदस्ती जहर पिलाया था।
शून्य मर्ग की डायरी कोसीर थाने में प्राप्त होने के बाद मर्ग सदर कायम किया गया। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय को मामले से अवगत कराया गया। उनके मार्गदर्शन में आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए।
जांच के दौरान, आरोपी करमलाल माली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 6 नवंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता नाग बंजारे, सउनि केसराम जांगड़े, प्रआर उतरा सिदार, चंद्रपाल दास महंत, जयराम साहू, आरक्षक उमेश जांगड़े, प्रदीप रात्रे और शिव नायक का विशेष योगदान रहा।









