रायपुर संवाददाता – रघुराज
कुम्हारी। गुरुवार की दोपहर रायपुर-भिलाई मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कोयले से भरा एक ट्रक चलते-चलते अचानक आग की लपटों में घिर गया। घटना खारुन नदी पुल के पास की बताई जा रही है। ट्रक क्रमांक सीजी 10 बीएच 9459 भिलाई से रायपुर की ओर जा रहा था, जिसमें 54 टन कोयला लदा हुआ था।
ट्रक चालक शिवशंकर ने बताया कि वाहन करतार मोटर बिलासपुर के स्वामित्व में है। जैसे ही उसने गाड़ी में धुआं उठते देखा, उसने तत्काल वाहन पुल किनारे रोक दिया और समय रहते नीचे उतर आया। कुछ ही सेकंड में आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक के पिछले हिस्से से लेकर टायर तक पूरी तरह जलकर राख हो गए।
चालक के अनुसार, ट्रक के गियर बॉक्स में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़की थी। प्रारंभिक जांच में भी विद्युत तारों में खराबी की आशंका जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आधा कोयला और वाहन का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
स्थानीय पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था संभाली और पुल पर भीड़ न बढ़े, इसके लिए वाहनों को छोटे पुल की ओर डायवर्ट किया गया। घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने अग्रिम जांच शुरू कर दी है और वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने बताया कि समय रहते चालक के नीचे उतर जाने से जानमाल की बड़ी हानि टल गई। फिलहाल ट्रक के अवशेषों को हटाकर सड़क पर सामान्य यातायात बहाल कर दिया गया है।









