Home चर्चा में वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर जिलेभर में गूंजा देशभक्ति का स्वर...

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर जिलेभर में गूंजा देशभक्ति का स्वर “मां भारती के प्रति आराधना” कार्यक्रम में अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक एक सुर में हुए समर्पित

4
0

एमसीबी/ राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में “वंदे मातरम् स्मरणोत्सव” का आयोजन पूरे गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। मुख्य समारोह जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ के अमृत सदन सभाकक्ष में आयोजित हुआ, जहां कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने अधिकारियों और कर्मचारियों तथा जन प्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम शर्मा, एसडीएम लिंगराज सिदार, जनपद सीईओ सुश्री वैशाली सिंह सहित सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
जिला मुख्यालय प्रांगण में अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार के नेतृत्व में भी सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का गायन किया।

प्रधानमंत्री का संदेश “वंदे मातरम् मां भारती के प्रति आराधना”
कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि “वंदे मातरम” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह मां भारती के प्रति आराधना और राष्ट्र की आत्मा का प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर स्मारक डाक टिकट और स्मारक सिक्का जारी किया तथा घोषणा की कि यह उत्सव 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक “वंदे मातरम् वर्ष” के रूप में मनाया जाएगा।

हर ब्लॉक में गूंजा ‘वंदे मातरम्’ का स्वर
स्मरणोत्सव के तहत खड़गवां, भरतपुर और मनेंद्रगढ़ विकासखण्डों में जनपद एवं पंचायत स्तर पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने मिलकर “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। भरतपुर क्षेत्र के शासकीय कार्यालयों और विद्यालयों में भी उत्सव का उल्लास देखने को मिला। मनेंद्रगढ़ ब्लॉक के जनपद सभाकक्ष में देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण प्रेरणादायक बना।

कलेक्टर ने दिया प्रेरक संदेश
कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने कहा कि “वंदे मातरम्” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह हमारी आत्मा, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता की पहचान है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस देशभक्ति की भावना को हर हृदय तक पहुंचाने का आग्रह किया। स्मरणोत्सव के सफल आयोजन में जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों, तहसील कार्यालयों, एसडीएम कार्यालयों तथा सभी विभागों का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए और सभी ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण की भावना व्यक्त की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here