-युवा कांग्रेस ने कहा- लाभ से वंचित किया जा रहा है किसानों को =
-जिला युवा कांग्रेस ने किया विरोध, सौंपा ज्ञापन =
जगदलपुर। उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में हो रही अनियमितताओं एवं किसानों को उनके अधिकारों से वंचित किए जाने के विरोध में बस्तर युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप ने आज विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन उप संचालक उद्यानिकी आकांक्षा सिन्हा को सौंपा गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बस्तर जिले के विभिन्न विकासखंडों में फलदार पौध वितरण, नर्सरी विकास, ड्रिप सिंचाई योजना, सब्जी उत्पादन एवं बागवानी विस्तार कार्यक्रम जैसी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक सही रूप में नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीण अंचलों से प्राप्त शिकायतों के अनुसार विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी न देना, पौध वितरण में पक्षपात, एवं योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता की कमी जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। कई किसानों ने यह भी बताया कि उन्हें योजनाओं के आवेदन या अनुदान राशि की जानकारी तक नहीं दी जा रही है। इन कारणों से वास्तविक लाभार्थी किसान शासन की योजनाओं से वंचित हो रहे हैं तथा भ्रष्टाचार और मनमानी को बढ़ावा मिल रहा है।

युवा कांग्रेस, जिला बस्तर ने अपनी मांगों में कहा है कि विभागीय योजनाओं की जांच हेतु स्वतंत्र समिति गठित की जाए, पात्र किसानों की सूची सार्वजनिक की जाए, योजनाओं में पारदर्शिता के लिए ऑनलाइन सूचना प्रणाली लागू की जाए और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर उप संचालक उद्यानिकी आकांक्षा सिन्हा ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को संज्ञान में लेते हुए किसानों को विभागीय योजनाओं का शीघ्र लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष हेमंत कश्यप, प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष दयाराम कश्यप, खिरेंद्र यादव एवं समीर खान मौजूद थे। युवा कांग्रेस ने आशा व्यक्त की है कि विभाग इस गंभीर विषय पर शीघ्र ठोस कार्रवाई करेगा, जिससे बस्तर के किसानों को शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।









