Home मुख्य ख़बरें कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम: सेना ने दो आतंकियों को किया...

कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम: सेना ने दो आतंकियों को किया ढेर, श्रीनगर में तीन संदिग्धों की गिरफ्तारी से बड़ी साजिश बेनकाब

18
0

कुपवाड़ा (जम्मू-कश्मीर)।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास एक बार फिर आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना की सतर्कता से यह मंसूबा नाकाम हो गया। केरन सेक्टर में हुई इस कार्रवाई में सेना ने दो आतंकवादियों को ढेर कर दिया।

सेना के श्रीनगर स्थित चिनार कोर के अनुसार, खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई थी। इसी दौरान LoC के पास संदिग्ध गतिविधि का पता चला, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया। घटना के बाद क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है ताकि अन्य संभावित घुसपैठियों का भी पता लगाया जा सके।

श्रीनगर में तीन संदिग्ध गिरफ्तार, हथियार बरामद

कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम किए जाने के बीच, श्रीनगर पुलिस को भी बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ममता चौक – कोनाखान डलगेट इलाके से तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक देसी कट्टा और 9 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बिना नंबर की एक काली मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन बाइक सवार तीनों युवक भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाह मुतैयब और कामरान हसन शाह (निवासी: कुलीपोरा, खानयार श्रीनगर) और मोहम्मद नदीम (निवासी: मेरठ, यूपी; वर्तमान में कावा मोहल्ला, खानयार) के रूप में हुई है।

UAPA के तहत केस दर्ज, नेटवर्क की जांच जारी

शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि आरोपी इलाके में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने UAPA और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि उनके संपर्कों और संभावित नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

सेना और पुलिस की संयुक्त सतर्कता से नाकाम हुई आतंकी साजिश

कुपवाड़ा से लेकर श्रीनगर तक की घटनाओं से स्पष्ट है कि सुरक्षा एजेंसियां घाटी में सक्रिय आतंकियों के नेटवर्क पर सख्त नजर रखे हुए हैं। सेना और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से न केवल घुसपैठ की कोशिश विफल हुई, बल्कि श्रीनगर में संभावित आतंकी हमले की साजिश भी समय रहते नाकाम हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here