बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
= देवेंद्र कुमार सेठिया की शहादत को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने किया नमन =
जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव ने शनिवार को बस्तर जिले के ग्राम धोबीगुड़ा (आसना) के प्रायमरी स्कूल प्रांगण में माओवादी बारुदी विस्फोट में शहीद देवेंद्र कुमार सेठिया की प्रतिमा का अनावरण किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि की आसंदी से अपने संबोधन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि देवेंद्र कुमार की शहादत बस्तर के नवजवानों को माओवाद के खात्मे के लिए सतत प्रेरित करती रही है। सेठिया परिवार द्वारा प्रतिमा स्थापित किए जाने की पहल का स्वागत करते हुए श्री देव ने कहा कि यह प्रतिमा हमें सतत नक्सलमुक्त बस्तर और यहां सुख-शांति व सर्वतोमुखी विकास के लिए प्रेरित करती रहेगी। देवेंद्र कुमार और उन जैसे असंख्य जवानों की शहादत ने शांत छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया है। विदित हो कि 8 नवंबर 1992 को धोबीगुड़ा में जन्मे स्व. महेश राम व श्रीमती दयमती सेठिया के सुपुत्र देवेंद्र कुमार सेठिया केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल में 12 सितम्बर 2013 को सिपाही/जीडी के पद पर ग्रुप केंद्र बिलासपुर में भर्ती हुए थे। प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत क्रमशः 222/175 एवं 196 बटालियन में तैनात रहे। बीजापुर जिले के ऊसूर थानान्तर्गत गलगम क्षेत्र में मओवादियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में 19 अप्रैल 2024 को शहीद हो गए। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए परिजनों की ओर से उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है। इस प्रतिमा का अनावरण उनकी जन्मतिथि पर 8 नवंबर को किया गया। इस अवसर पर बस्तर के विधायक लखेश्वर बघेल शहीद की माता दयमती सेठिया, बहन पिंकी सेठिया, भाई योगेंद्र सेठिया, एस. अरुण कुमार डीआईजी रेंज जगदलपुर, एनके सिंह डीआईजी सीआरपीएफ, जितेंद्र कुमार, एसपी शलभ कुमार सिन्हा, जनपद अध्यक्ष सोनवारी भद्रे, उपाध्यक्ष तरुण पांडे, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष धनुर्जय कश्यप, गजानंद दास, सरपंच संतोष कश्यप और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।











