बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
कोतवाली थाना क्षेत्र में की थी चोरियां की वारदातें
जगदलपुर। बस्तर जिला पुलिस ने दो बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। ये दोनों शातिर चोर निकले।उन्होंने शहर और आसपास के इलाके में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दिया है। उनकी निशानदेही पर लाखों रुपयों के जेवर और कैश बरामद किए गए हैं।
जगदलपुर के कोतवाली, परपा और बोधघाट थानों में दर्ज चोरी के मामलों की जांच के दौरान ये बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए हैं। पुलिस अधीक्षक शलम कुमार सिन्हा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार एवं उप पुलिस अधीक्षक साइबर गीतिका साहू के निर्देशन में सभी चोरी की वारदातों का बारीकी से विश्लेषण किया गया एवं घटना स्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किए गए। आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद घर में लगे सीसीटीवी डीव्हीआर को साथ निकाल कर ले जाते थे और तालाब में फेंक देते थे जिसे बस्तर पुलिस ने तालाब से जप्त किया। जांच में सभी घटनाएं एक ही तरीके की पाई गईं।
घटना स्थलों के बिंदुओं को जोड़ते हुए पुलिस ने यह पाया कि सभी चोरियों को एक ही गिरोह द्वारा अंजाम दिया गया है।जांच एवं पतासाजी में कुछ लोग संदिग्ध पाये गये। उनकी मुखबिर लगाकर पता तलाश शुरू की गई। मुखबिर से संदेहियों की सूचना प्राप्त हुई, साइबर सेल से तकनीकी सहायता लेकर संदेही आबुल शेख उर्फ शेख शमीर उर्फ बाबू शेख और बबलू चंद्र दास को आड़ावाल से पकड़ा गया। ये दोनों बांग्लादेश के मूल निवासी हैं और ओड़िशा में आकर रह रहे थे। उनसे बारीकी से पूछताछ करने पर अपराध करना स्वीकार किया। उन्होने थाना परपा, थाना बोधघाट क्षेत्र में की गई चोरियों के माल को अपने घर सासाहांडी उड़ीसा में रखना बताया। उसके घर से माल जप्त कर लिया गया। जप्त किये गए सोना, चांदी के जेवर तथा नगदी रकम की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रूपए है। आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक तारिक हरीश, निरीक्षक सुरेश जांगड़े, निरीक्षक भोलासिंह राजपूत, निरीक्षक दिलबाग सिंह, निरीक्षक गौरव तिवारी, प्रधान आरक्षक मौसम गुप्ता, आरक्षक गौतम चंद सिंहा, सोनू गौतम, प्रदीप कश्यप, हेमचंद मौर्य, बलराम राणा, बलराम कश्यप, धनसिंह सोनवानी, महेंद्र पटेल, शैलेष राज, महंगू राम कश्यप, सामदेव कश्यप, अमर सिंह बेसरा, कृष्ण कुमार नेताम, ओमप्रकाश साहनी, विक्रम कश्यप, शंभू राम कश्यप का बड़ा योगदान रहा।









